गुमला. जिले के सिसई थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में जुटे दो अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अधीक्षक हारिश बिन जमां को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अंचल निरीक्षक के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सिसई थाना रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास छापेमारी की. पुलिस ने एक पान गुमटी के पीछे बनी झोपड़ी में दबिश देकर 25 वर्षीय प्रतीक कुमार शर्मा और 39 वर्षीय मोहम्मद समीउल्लाह अंसारी उर्फ गालू को धर दबोचा. तलाशी के दौरान प्रतीक के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल बरामद की गई, जिसकी मैगजीन में “7.65 KF” अंकित एक जिंदा गोली मौजूद थी.
एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उन्होंने यह हथियार इलाके में वर्चस्व कायम करने और दहशत फैलाने के उद्देश्य से किसी अन्य व्यक्ति से खरीदा था. गिरफ्तार मोहम्मद समीउल्लाह अंसारी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ सिसई थाने में हत्या के प्रयास व मारपीट जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं. पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश में छापेमारी कर रही है जिससे ये हथियार खरीदे गए थे. इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी नीरज कुमार और उनकी टीम की अहम भूमिका रही, जिससे क्षेत्र में एक संभावित बड़ी घटना टल गई है.
