साहिबगंज. झारखंड के साहिबगंज स्थित व्यवहार न्यायालय (Civil Court) को बम से उड़ाने की एक सनसनीखेज धमकी मिलने के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया. धमकी भरी ईमेल प्राप्त होते ही जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल अलर्ट मोड पर आ गईं. एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में मौजूद माननीय न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया. सूचना मिलते ही उपायुक्त हेमंत सती और पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया. देखते ही देखते न्यायालय परिसर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया, जहां चप्पे-चप्पे पर जवानों की तैनाती कर दी गई है.
सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) और डॉग स्क्वॉड की टीमों को बुलाया गया, जिन्होंने आधुनिक उपकरणों के जरिए कोर्ट के हर कोने और संदिग्ध वस्तुओं की घंटों बारीकी से जांच की. हालांकि, प्रारंभिक जांच में अब तक किसी भी विस्फोटक सामग्री की पुष्टि नहीं हुई है. सुरक्षा कारणों से कोर्ट के मुख्य द्वारों पर प्रवेश पूरी तरह नियंत्रित कर दिया गया है और हर आने-जाने वाले व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है. साइबर विशेषज्ञों की एक तकनीकी टीम उस ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है, जिसके जरिए यह धमकी दी गई थी ताकि दोषियों को जल्द से जल्द चिह्नित कर गिरफ्तार किया जा सके.
उपायुक्त हेमंत सती ने आम जनता से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन हर पहलू की गहराई से जांच कर रहा है ताकि न्यायिक प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का व्यवधान न आए और सुरक्षा व्यवस्था अचूक बनी रहे.
