धनबाद: ड्यूटी के दौरान ट्रेन मैनेजर की हार्ट अटैक से मौत; गोमो अप यार्ड में मिला शव, रेलकर्मियों में शोक

झारखंड

धनबाद. गयाजी रेल खंड के ट्रेन मैनेजर दीपक कुमार पासवान (42 वर्ष) की बुधवार देर रात गोमो अप यार्ड में ड्यूटी के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, दीपक को रात 2:15 बजे ड्यूटी का कॉल मिला था और उन्हें गोमो से ‘महाक्रेक’ नामक मालगाड़ी लेकर गयाजी जाना था. ट्रेन परिचालन से पूर्व जब लोको पायलट ने कंटिन्यूटी टेस्ट के लिए वॉकी-टॉकी पर उनसे संपर्क करने का प्रयास किया, तो कोई जवाब नहीं मिला. अनहोनी की आशंका होने पर जब एक रेल कर्मचारी को ब्रेकयान के पास भेजा गया, तो दीपक वहां अचेत अवस्था में गिरे मिले. रेलवे चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

प्राथमिक जांच में मौत का कारण हृदय गति रुकना (हार्ट अटैक) बताया जा रहा है. गुरुवार सुबह घटना की सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी प्रीति देवी, भाई और अन्य परिजन गोमो रेल थाना पहुंचे. अपने पति के शव को देख पत्नी दहाड़ मारकर रोने लगी और कई बार बेहोश हो गई, जिससे वहां मौजूद रेलकर्मियों और यात्रियों की आंखें नम हो गईं. दीपक अपने पीछे दो पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं. गोमो रेल पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया है.

इस दुखद घटना के बाद रनिंग कर्मचारियों के बीच मातम पसर गया है. गार्ड काउंसिल के गोमो शाखा अध्यक्ष प्रमोद कुमार और ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के डीबी दीन सहित कई रेलकर्मियों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया. गौरतलब है कि कुछ ही दिन पूर्व हीरोडीह में भी ट्रेन मैनेजर मनोज कुमार की ड्यूटी के दौरान मृत्यु हो गई थी, जिससे रेल कर्मचारी संघों ने रनिंग स्टाफ के स्वास्थ्य और कार्य के दबाव को लेकर चिंता व्यक्त की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *