गिरिडीह. कोलियरी क्षेत्र के वेलफेयर प्रोग्राम के तहत महिला कर्मचारियों की रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक भव्य रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस प्रतियोगिता में कार्यालयों, अस्पतालों और खदानों (माइंस) में कार्यरत महिला कर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया. कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन गिरिडीह महिला समिति की अध्यक्ष सह महाप्रबंधक की पत्नी हिना राठौर ने किया. इस अवसर पर महिला कर्मचारियों ने अपनी कला का प्रदर्शन करते हुए फर्श पर कलश, फूलों और विभिन्न पारंपरिक आकृतियों की अत्यंत सुंदर व आकर्षक रंगोलियां उकेरीं, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया.
प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया गया. कड़े मुकाबले में सुनीता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि झूमा द्वितीय स्थान पर रहीं. वहीं, अनीता और सुषमा को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान के लिए चुना गया. मुख्य अतिथि हिना राठौर ने सभी विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से कर्मचारियों की कार्यक्षमता और मानसिक उल्लास में वृद्धि होती है. उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने की बात कही.
इस गरिमामय अवसर पर मुख्य रूप से शैलबाला पासवान, डॉ. पायल वर्मा और कार्मिक अधिकारी सुप्रिया भारती समेत विभाग की कई अन्य महिला अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थीं. पुरस्कार पाकर सभी प्रतिभागियों ने अपनी खुशी जाहिर की और विभाग की इस पहल की सराहना की.
