गिरिडीह: सदर प्रखंड के लेदा-बजटो गांव में फूड पॉइजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ ठेले वाले से चाट-गुपचुप खाने के बाद एक 6 वर्षीय मासूम रंजन कुमार की मौत हो गई। शनिवार शाम चाट खाने के बाद रविवार सुबह से ही ग्रामीणों को उल्टी, दस्त और तेज बुखार की शिकायत होने लगी। देखते ही देखते 22 से अधिक लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए, जिन्हें तुरंत सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीमारों में बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक शामिल हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट पर है। डीसी रामनिवास यादव के निर्देश पर आला अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हाल जाना। सिविल सर्जन डॉ. बच्चा सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का ही है। फिलहाल पुलिस उस अज्ञात ठेले वाले की तलाश में जुटी है जिसने गांव में चाट बेची थी, वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
