रामगढ़. रामगढ़ जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर रजरप्पा मोड़ पर मंगलवार दोपहर कानून-व्यवस्था को धता बताते हुए अपराधियों ने एक बड़ी डकैती को अंजाम दिया है. बाइक सवार 5-6 हथियारबंद डकैतों ने ‘शिव शंकर ज्वेलर्स’ से दिनदहाड़े करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी लूट ली. हालांकि, भागने के दौरान ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दो अपराधियों को मौके पर ही धर दबोचा.
रेकी के बाद घटना को दिया अंजाम: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 बजे अपराधी रजरप्पा मोड़ पहुंचे.
-
दुकानदारों की सतर्कता: अपराधियों ने पहले ‘उत्तम ज्वेलर्स’ और ‘शिवनारायण ज्वेलर्स’ में ग्राहक बनकर घुसने का प्रयास किया, लेकिन दुकानदारों की सतर्कता के कारण वे सफल नहीं हो सके.
-
पिस्टल की नोक पर लूट: इसके बाद वे ‘शिव शंकर ज्वेलर्स’ में घुसे. चेन देखने के बहाने उन्होंने व्यवसायी विष्णु वर्मा पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी देकर चंद मिनटों में ही गल्ले की नकदी और लाखों के जेवरात समेट लिए.
ग्रामीणों की बहादुरी से पकड़े गए दो डकैत: जैसे ही अपराधी लूट का माल लेकर भागने लगे, व्यवसायी के भाई विवेक वर्मा ने शोर मचा दिया.
-
दुकान की ग्रिल बंद करने के प्रयास से अपराधियों में अफरा-तफरी मच गई.
-
3-4 अपराधी लूट का बड़ा हिस्सा लेकर भागने में सफल रहे, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर दो अपराधियों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई: घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा पुलिस और रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत तुरंत मौके पर पहुंचे.
-
बरामदगी: पुलिस ने भीड़ के चंगुल से घायल अपराधियों को बचाकर हिरासत में लिया. उनके पास से एक पिस्टल, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है.
-
नाकेबंदी: एसपी के निर्देश पर फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले की सीमाओं को सील कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है.
दिनदहाड़े हुई इस करोड़ों की लूट के बाद चितरपुर बाजार के व्यवसायियों में भारी आक्रोश है. व्यापारियों ने व्यस्त बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द लूटे गए आभूषणों की बरामदगी की मांग की है.
