संतोषी माता मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर आयोजित भक्ति जागरण में झूमे श्रद्धालु

गिरिडीह

बिहार के कलाकारों ने बांधा समां, आकर्षक झांकियों ने मोहा मन, जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर

गिरिडीह. बारिश के मौसम के बावजूद मकतपुर स्थित प्राचीन संतोषी माता मंदिर में बुधवार रात श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. जीर्णोद्धार व प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत आयोजित भव्य भक्ति जागरण में बिहार से आए कलाकारों ने देवी गीतों और भजनों की ऐसी प्रस्तुति दी कि पूरी रात श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूमते रहे. जागरण के दौरान माता संतोषी सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं. रंग-बिरंगी विद्युत साज-सज्जा से सजा मंदिर परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंजता रहा. बारिश की फुहारों के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और सैकड़ों की संख्या में लोग देर रात तक डटे रहे. आयोजन समिति के सचिव डिम्पल साव ने बताया कि 27 अप्रैल को 501 महिलाओं की कलश यात्रा से महोत्सव का आगाज हुआ था. आज 30 अप्रैल को पूजा के बाद दोपहर में भव्य नगर भ्रमण शोभायात्रा निकाली जाएगी. 1 मई, को विधि-विधान से मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा, हवन, पूर्णाहुति और विशाल भंडारे के साथ महोत्सव का समापन होगा. कार्यक्रम को सफल बनाने में उपमेयर सुमित कुमार, अध्यक्ष टुनटुन केशरी, सतीश साह, प्रदीप चौरसिया, हब्लू गुप्ता, दीपक शर्मा समेत पूरी टीम जुटी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *