बांग्लादेश .सोशल मीडिया पर इन दिनों रोंगटे खड़े कर देने वाला एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक पिता ने अपनी जान जोखिम में डालकर अपने बच्चे को ‘मौत के मुंह’ से बाहर निकाल लिया। घटना 28 अप्रैल को बांग्लादेश के भैरब रेलवे स्टेशन की है। जानकारी के अनुसार, चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश के दौरान एक मासूम बच्चा फिसलकर सीधे ट्रैक पर गिर गया। उसी समय ट्रेन ने रफ्तार पकड़ ली थी, लेकिन बच्चे को बचाने के लिए पिता ने बिना एक पल गंवाए ट्रेन के नीचे छलांग लगा दी।
वीडियो में देखा जा सकता है कि पिता ने बच्चे को अपने शरीर के नीचे सुरक्षित ढक लिया और पूरी ट्रेन उनके ऊपर से गुजर गई। स्टेशन पर मौजूद लोग इस खौफनाक मंजर को देखकर स्तब्ध रह गए, लेकिन जब ट्रेन गुजरने के बाद दोनों सुरक्षित निकले, तो इसे किसी चमत्कार से कम नहीं माना गया। सोशल मीडिया पर इस पिता की सूझबूझ और अदम्य साहस की जमकर तारीफ हो रही है, जहाँ यूजर्स उन्हें ‘असली हीरो’ और ‘फादर ऑफ द ईयर’ बता रहे हैं। स्थानीय मीडिया के अनुसार, दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
