पश्चिमी सिंहभूम. जिले के नोवामुंडी प्रखंड में शनिवार दोपहर को आए अचानक चक्रवाती तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। प्रखंड के रेंगाडबेडा और उईसिया गांव में तेज आंधी के कारण दो घरों की एस्बेस्टस छतें पूरी तरह उड़ गईं, जिससे परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए।
रेंगाडबेडा निवासी मगेन गोप ने बताया कि आंधी ने उनके नवनिर्मित मकान की छत को उड़ा दिया, जिससे करीब 65 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने यह भी साझा किया कि एक सप्ताह पहले ही उनके घर में चोरी हुई थी, जिसके बाद अब इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी कमर तोड़ दी है। वहीं, उईसिया गांव के मदन केडाई के घर की छत उड़ने से घर में रखे महत्वपूर्ण कागजात और राशन बारिश में भीग कर बर्बाद हो गए। प्रभावित परिवारों ने अंचल अधिकारी (CO) और बीडीओ (BDO) से आपदा राहत कोष के तहत मुआवजे की गुहार लगाई है ताकि वे अपने घरों की मरम्मत करा सकें।
