हजारीबाग: बरही स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र में बीते 24 अप्रैल को हुई करोड़ों की सोना और कैश लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। झारखंड पुलिस और यूपी एसटीएफ (UP STF) की संयुक्त टीम ने वाराणसी में छापेमारी कर इस गिरोह के सरगना समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मो. अफजल, पंकज सिंह उर्फ रौनक सिंह और सौरभ यादव उर्फ सोनू के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट का करीब 1 किलो सोना, 20 लाख रुपये नकद, एक कार और मोबाइल फोन बरामद किया है। हजारीबाग पुलिस की टीमें घटना के बाद से ही यूपी और बंगाल में लगातार छापेमारी कर रही थीं। जांच में सामने आया है कि यह एक अंतरराज्यीय गिरोह है जो लंबे समय से बैंक डकैती की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। यूपी एसटीएफ के अनुसार, यह संयुक्त ऑपरेशन एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा था, जिससे इस बड़े लूट कांड का खुलासा मुमकिन हो पाया। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और उनसे अन्य राज्यों में हुई वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
