गिरिडीह: छात्रा पायल की मौत के दो दिन बाद जांच तेज, ट्यूशन रूट के सीसीटीवी और सीडीआर खंगालने में जुटी पुलिस

गिरिडीह

गिरिडीह. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिरसिया गांव में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा की संदिग्ध मौत के दो दिन बीत जाने के बाद पुलिस ने अब मामले की तफ्तीश काफी तेज कर दी है. मृतका के पिता जोगेश्वर दास द्वारा हत्या की आशंका जताते हुए दर्ज कराई गई प्राथमिकी के आधार पर पुलिस अब वैज्ञानिक अनुसंधान पर जोर दे रही है. पिता ने आरोप लगाया था कि पायल जब ट्यूशन जाती थी, तो रास्ते में दो युवक उसे अक्सर रोक-टोक कर परेशान करते थे. इसी अहम सुराग को आधार बनाते हुए पुलिस आज ट्यूशन वाले पूरे रूट के सभी सीसीटीवी फुटेज को बारीकी से खंगाल रही है.
इसके साथ ही पुलिस द्वारा छात्रा के मोबाइल का सीडीआर (CDR) भी निकाला जा रहा है, ताकि घटना के दिन और उससे पहले की सभी कड़ियों को जोड़ा जा सके और संदिग्धों की पहचान हो सके. बता दें कि धनबाद मेडिकल बोर्ड की निगरानी में सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच पहले ही पूरी हो चुकी है, जिसकी रिपोर्ट का पुलिस को बेसब्री से इंतजार है. इस बीच शोकाकुल परिजन लगातार निष्पक्ष जांच और न्याय की गुहार लगा रहे हैं. वहीं, भाजपा का शिष्टमंडल भी पीड़ित परिवार से मिलकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर चुका है. फिलहाल पुलिस की पूरी जांच सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के इर्द-गिर्द केंद्रित है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *