गिरिडीह: भव्य कलश यात्रा के साथ श्री श्याम मंदिर में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का शुभारंभ

गिरिडीह

गिरिडीह. शहर के आई.सी.आर. रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में मंगलवार को मारवाड़ी ब्राह्मण चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का भव्य कलश यात्रा के साथ शुभारंभ हुआ. ढोल-नगाड़ों और धार्मिक जयघोष के बीच निकली इस यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. शहर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण कर कलश यात्रा पुनः मंदिर परिसर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार व विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई.
इस धार्मिक अनुष्ठान में प्रतिष्ठित ब्रह्मचारी परमपूज्य स्वामी श्री नरेन्द्राचार्य जी महाराज द्वारा कथा वाचन किया जा रहा है. 26 मई से 1 जून तक (प्रतिदिन संध्या 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक) चलने वाले इस कार्यक्रम के मुख्य यजमान उषा किरण शर्मा, पुत्र अभिषेक कुमार शर्मा व पुत्रवधु मीनाक्षी शर्मा हैं. सात दिनों तक चलने वाले इस पवित्र आयोजन में कथा महात्म्य, राजा परीक्षित प्रसंग, ध्रुव चरित्र, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन पूजा, महारास लीला और सुदामा चरित्र जैसे विभिन्न प्रसंगों का सजीव वर्णन किया जाएगा. कथा का विधिवत समापन 1 जून को विशाल भंडारे के साथ होगा, जिसके लिए आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *