गुमला: बिशुनपुर में घर में घुसा बेकाबू बॉक्साइट ट्रक, बाहर बैठे अधेड़ की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

झारखंड

गुमला. जिले के बिशुनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रेहेटोली गांव में शुक्रवार की दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया. यहाँ घाघरा की ओर से बिशुनपुर की तरफ जा रहा बॉक्साइट से लदा एक अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित एक घर में जा घुसा. इस दर्दनाक हादसे में घर के बाहर बैठे 58 वर्षीय टेपना महली की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल बन गया.

बताया जाता है कि रेहेटोली गांव के पास ट्रक ने एक स्कूटी सवार को हल्की टक्कर मार दी थी, जिसे बचाने के प्रयास में चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा. तेज रफ्तार ट्रक पहले बिजली के खंभे से टकराया और उसे तोड़ते हुए सीधे सड़क किनारे बने घर में जा घुसा. हादसे के समय घर के पास कई बच्चे भी खेल रहे थे, जिन्होंने ट्रक को अनियंत्रित होते देख भागकर अपनी जान बचाई. घटना से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर घाघरा-नेतरहाट मुख्य मार्ग को करीब डेढ़ घंटे तक जाम रखा, जिससे उमस भरी गर्मी में वाहनों की लंबी कतार लग गई.

घटना की सूचना मिलते ही बिशुनपुर थाना पुलिस और प्रभारी अंचलाधिकारी सुशील खाखा मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाया. प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को तत्काल 10 हजार रुपये की सहायता राशि देने और सरकारी मुआवजा उपलब्ध कराने के आश्वासन के बाद शाम करीब चार बजे जाम हटाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है. स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार बॉक्साइट ट्रकों के परिचालन पर रोक लगाने और स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *