जमशेदपुर. शहर में आगामी 21 जून को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG 2026) के कदाचार मुक्त, पारदर्शी और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह रेस हो गया है. पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) के उपायुक्त (DC) राजीव रंजन ने समाहरणालय सभागार में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान उपायुक्त ने सख्त लहजे में स्पष्ट किया कि परीक्षा की सुचिता को बनाए रखने के लिए इस बार इनविजिलेटर (वीक्षक) के रूप में केवल और केवल सरकारी अधिकारी व कर्मचारियों की ही ड्यूटी लगायी जाएगी, किसी भी निजी स्टाफ को इसमें शामिल नहीं किया जाएगा.
कड़ी फ्रिस्किंग, वीडियोग्राफी और 1:30 बजे के बाद नो एंट्री
उपायुक्त राजीव रंजन ने निष्पक्ष परीक्षा संचालन के लिए अधिकारियों को कई कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं:
-
कड़ा पहरा और वीडियोग्राफी: परीक्षा केंद्रों पर नकल रोकने के लिए अभ्यर्थियों की आधुनिक उपकरणों से कड़ी तलाशी (फ्रिस्किंग) ली जाएगी. इसके साथ ही पूरी परीक्षा प्रक्रिया की डिजिटल वीडियोग्राफी कराई जाएगी.
-
सेंटर होंगे सील: परीक्षा शुरू होने से ठीक एक दिन पहले सभी चिन्हित केंद्रों को पूरी तरह से सैनिटाइज करने के बाद प्रशासनिक निगरानी में सील कर दिया जाएगा.
-
कड़ा टाइम टेबल: परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी. परीक्षार्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक ही केंद्र के भीतर प्रवेश की अनुमति होगी. दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी परीक्षार्थी को एंट्री नहीं दी जाएगी.
-
बुनियादी सुविधाएं: सभी केंद्रों पर निर्बाध बिजली आपूर्ति, शुद्ध पेयजल और साफ-सुथरे शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया है.
शहर के 6 संस्थानों में बने हैं 8 परीक्षा केंद्र, 4000+ अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
समीक्षा बैठक में दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, जमशेदपुर शहर के कुल 6 प्रमुख शिक्षण संस्थानों में 8 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं. इन केंद्रों पर 4,000 से अधिक परीक्षार्थी डॉक्टर बनने की इस रेस (NEET) में शामिल होंगे.
इन केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा:
-
लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल (एलबीएसएम) कॉलेज, करनडीह
-
जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज
-
जमशेदपुर वीमेंस यूनिवर्सिटी
-
द ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेंस
-
राजकीय आदिवासी हाई स्कूल, सीतारामडेरा
-
एलबीएसएम कॉलेज, गोलमुरी (नोट: कुल 6 संस्थानों के परिसर में ही कुल 8 उप-केंद्र बनाए गए हैं.)
ट्रैफिक और सुरक्षा के लिए तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट
परीक्षा के दिन शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के लिए भी विशेष खाका खींचा गया है. डीसी ने निर्देश दिया कि सभी केंद्रों पर भीड़ प्रबंधन और प्रमुख चौक-चौराहों पर जाम की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेट (दंडाधिकारियों) की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, ताकि परीक्षार्थियों को केंद्र तक पहुंचने में कोई असुविधा न हो.
बैठक में मौजूद वरिष्ठ अधिकारी: इस महत्वपूर्ण प्रशासनिक बैठक में मुख्य रूप से सिटी एसपी ललित मीणा, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) अर्णव मिश्रा, सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) ऋषभ त्रिवेद्वी, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) राहुलजी आनंदजी सहित परीक्षा से जुड़े सभी संबंधित कॉलेजों के प्राचार्य, प्रबंधन और केंद्रीय प्रतिनिधि उपस्थित थे.
![]()
