गावां में सड़क किनारे मिला नवजात, मां छोड़कर हुई फरार, ग्रामीणों और पुलिस की तत्परता से बची मासूम की जान

गिरिडीह

गिरिडीह. गावां थाना क्षेत्र में रात के अंधेरे में एक नवजात शिशु को सड़क किनारे छोड़कर उसकी मां फरार हो गई. रोते-बिलखते बच्चे की आवाज सुनकर स्थानीय ग्रामीण और समाजसेवी मौके पर पहुंचे, जिससे नवजात की जान बच सकी.

दरअसल, सड़क किनारे से बच्चे के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और देखा कि कपड़े में लिपटा एक नवजात पड़ा हुआ है. आसपास खोजबीन के बावजूद कोई महिला या परिजन नहीं मिला, जिसके बाद ग्रामीणों ने गावां थाना पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात को संरक्षण में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा. डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है और उसकी देखभाल की जा रही है.

पुलिस अब नवजात की मां और परिजनों की पहचान में जुट गई है. आसपास पूछताछ के साथ सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. नवजात को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सौंपने की तैयारी की जा रही है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *