रांची. झारखंड की एक कुख्यात वांछित मानव तस्कर को शनिवार सुबह दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया. चाईबासा पुलिस, दिल्ली पुलिस और एकीकृत पुनर्वास सह संसाधन केंद्र (झारखंड भवन, नई दिल्ली) की संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली. इस अभियान के दौरान तस्करी का शिकार हुई खूंटी जिले की एक बालिका को दिल्ली के सुभाष प्लेस थाना क्षेत्र से सुरक्षित रेस्क्यू किया गया.
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चाईबासा में वर्ष 2023 से मानव तस्करी के कई मामले दर्ज थे और अदालत से वारंट जारी था. संयुक्त टीम ने दो-तीन दिनों तक रेकी करने के बाद शनिवार सुबह करीब 6:00 बजे छापेमारी कर उसे धर दबोचा. कोर्ट में पेशी के बाद चाईबासा पुलिस को आरोपी की चार दिनों की रिमांड मिली है. वहीं रेस्क्यू की गई बालिका का मेडिकल परीक्षण कराकर उसे सुरक्षित गृह भेजा गया है, जिसे सीडब्ल्यूसी (CWC) के समक्ष पेश कर पुनर्वासित किया जाएगा. महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह ने स्पष्ट किया कि मानव तस्करी के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है.
