रांची. जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) परीक्षा धांधली को लेकर छात्र संगठनों और सरकार के बीच चल रही वार्ता में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को शामिल न किए जाने के विरोध में शनिवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने रांची में जोरदार प्रदर्शन किया. रांची कॉलेज से सिद्धू-कान्हू पार्क तक निकाले गए विरोध मार्च के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हल्की झड़प भी हुई.
सरकार पर उपेक्षा का आरोप, सीएम आवास जाने से पुलिस ने रोका
एबीवीपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि राज्य सरकार छात्र हितों से जुड़े इतने बड़े मुद्दे पर चुनिंदा संगठनों से ही बात कर रही है और एबीवीपी को जानबूझकर वार्ता से अलग रखा गया है.
नारेबाजी करते हुए जब कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे, तब मुस्तैद पुलिस बल ने उन्हें सिद्धू-कान्हू पार्क के पास ही रोक दिया. इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई, हालांकि पुलिस ने स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया.
सभी छात्र संगठनों को वार्ता में मिले प्रतिनिधित्व
एबीवीपी नेताओं का कहना है कि छात्रों के भविष्य से जुड़े विषयों पर किसी भी प्रमुख संगठन को दरकिनार करना अनुचित है. उन्होंने मांग की है कि सरकार को सभी प्रमुख छात्र संगठनों को वार्ता में शामिल कर व्यापक और पारदर्शी समाधान निकालना चाहिए. फिलहाल पूरे क्षेत्र में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है.
