रांची. राजधानी के अरगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत अशोक नगर में रहने वाले प्रसिद्ध बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर हुई करीब 80 लाख रुपये की हाईप्रोफाइल चोरी मामले में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं. बीती 8 जुलाई की रात वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ शातिर चोर ऑटो से फरार हुए थे. रूट ट्रेसिंग के अनुसार, चोर पहले हवाई नगर गए और फिर वापस बिरसा चौक पहुंचे, जहां उन्होंने बकायदा एक दुकान पर चाय-सिगरेट पी. इसके बाद 9 जुलाई की सुबह करीब 4:10 बजे वे बिरसा चौक स्थित ‘होटल पार्क रिट्रीट’ पहुंचे, जहां कमरा लेकर कुछ देर आराम किया और अपना सामान पैक किया.
सुबह 5:17 बजे जब चोर होटल से चेकआउट कर रहे थे, तब उन्होंने वहां तैनात गार्ड को 50 रुपये की बख्शीश (टिप) भी दी. इसके बाद शातिर अपराधी घर के बाहर खड़ी करीब 80 लाख रुपये मूल्य की कीमती जगुआर कार की डिक्की में चोरी का सामान लोड कर तमाड़-बुंडू के रास्ते जमशेदपुर और चाईबासा की ओर रफूचक्कर हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही हरकत में आई पुलिस जब 9 जुलाई को सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए होटल पार्क रिट्रीट पहुंची, तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे. पुलिस ने होटल का डीवीआर (DVR) जब्त कर लिया है और फुटेज के आधार पर चोरों के भागने वाले रूट पर पीछा भी किया, लेकिन फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा है. पुलिस के अनुसार, इस चोरी का तरीका (एमओ) और आरोपियों का हुलिया इसी साल मार्च में जमशेदपुर में हुई दो चोरियों से काफी मिलता-जुलता है, इसलिए जमशेदपुर कनेक्शन को खंगालते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
