रांची. जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा धांधली को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, आंसू गैस और वाटर कैनन के इस्तेमाल के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए ‘झारखंड बंद’ को आजसू (AJSU) पार्टी ने पूर्ण समर्थन दिया है. बंद के समर्थन में आजसू पार्टी सुप्रीमो और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरने पर बैठेंगे.
“लाठी के बल पर छात्रों की आवाज दबाना लोकतंत्र का अपमान”: सुदेश महतो
आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो ने हेमंत सरकार की कार्रवाई पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि युवाओं के सवालों का समाधान बल प्रयोग से नहीं, बल्कि संवाद, संवेदनशीलता और जवाबदेही से होगा. उन्होंने कहा कि राज्य के युवा अपने भविष्य, निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली और रोजगार को लेकर लंबे समय से आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार समस्याओं को सुलझाने के बजाय लाठियां बरसा रही है.
आजसू ने की उच्चस्तरीय जांच और दोषी अफसरों पर कार्रवाई की मांग
आजसू पार्टी ने राज्य सरकार से मांग की है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराई जाए. साथ ही लाठीचार्ज के जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करने और अभ्यर्थियों की मांगों पर तत्काल सम्मानजनक संवाद शुरू करने की अपील की है. पार्टी ने दोहराया कि वह राज्य के युवाओं और छात्रों के हक की लड़ाई में पूरी मजबूती के साथ खड़ी है.
