जमशेदपुर के करनडीह में जर्जर नाली और जलजमाव पर फूटा आक्रोश: ग्रामसभा और फ्लैटवासियों का संयुक्त फैसला; 10 दिनों में समाधान न होने पर मेन रोड जाम की चेतावनी

झारखंड

जमशेदपुर. करनडीह सरजामटोला अखड़ा में माझी बाबा सालखू माझी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण ग्रामसभा आयोजित की गई. इस बैठक में करनडीह के सभी 10 टोलों के ग्रामीणों के साथ परसुडीह-प्रमथनगर क्षेत्र की विभिन्न सोसायटियों और फ्लैट्स में रहने वाले निवासियों ने भाग लिया.

बैठक का मुख्य मुद्दा करनडीह फाटक के पास लंबे समय से बनी गंभीर जलजमाव और जर्जर नाली की समस्या रहा.

जिला प्रशासन पर सिर्फ औपचारिकता पूरी करने का आरोप

ग्रामसभा और फ्लैटवासियों ने एक स्वर में कहा कि जिला प्रशासन जल निकासी की समस्या को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है. प्रशासन केवल अलग-अलग बैठकें आयोजित कर औपचारिकता निभा रहा है, जबकि धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा. समुचित निकासी न होने से स्थानीय लोगों और राहगीरों का जीना मुहाल हो गया है.

सोमवार को बीडीओ और सीओ से मिलेगा संयुक्त प्रतिनिधिमंडल

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि माझी बाबा सालखू माझी के नेतृत्व में सोमवार को ग्रामीणों और फ्लैटवासियों का एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल बीडीओ (BDO) और सीओ (CO) से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा. प्रतिनिधिमंडल पुराने जल निकासी मार्ग और नाले को पुनः खुलवाने की मांग रखेगा.

10 दिनों का अल्टीमेटम, वरना होगा चक्का जाम

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि ज्ञापन सौंपने के 10 दिनों के भीतर नाली व जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो वे करनडीह मुख्य मार्ग (Main Road) को पूरी तरह से जाम कर उग्र विरोध प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *