कोवाली. कोवाली थाना क्षेत्र के पोड़ाडीहा गांव में 11वीं की छात्रा सोमवारी पुराण की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है. पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने रविवार को जोरदार आक्रोश मार्च निकाला और प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की.
विरोध मार्च का नेतृत्व भाजपा नेत्री सह हल्दीपोखर पूर्वी पंचायत की मुखिया देवी कुमारी भूमिज और पोड़ाडीहा पंचायत की मुखिया दुखनी माई सरदार ने किया.
9 अगस्त को पेड़ से लटका मिला था शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
गौरतलब है कि 9 अगस्त को छात्रा सोमवारी पुराण का शव पेड़ से लटकता हुआ बरामद हुआ था. पुलिस ने प्राथमिक तौर पर इसे आत्महत्या मानते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था.
हालांकि, परिजन शुरुआत से ही इसे हत्या बता रहे हैं. परिजनों का आरोप है कि छात्रा की हत्या करने के बाद शव को पेड़ से लटकाया गया है.
सुसाइड नोट और मोबाइल से खुल सकते हैं राज
परिजनों का कहना है कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ था, जिसमें सोनू नाम के युवक का उल्लेख है. इसके अलावा छात्रा के मोबाइल फोन की जांच से भी कई अहम सुराग मिल सकते हैं, लेकिन घटना के 8 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस की ढिलाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
24 घंटे में कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
मुखिया देवी कुमारी भूमिज और दुखनी माई सरदार ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर दोषियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच शुरू नहीं हुई, तो ग्रामीण वरीय पुलिस अधिकारियों से मिलेंगे. इसके बाद भी न्याय न मिलने पर चरणबद्ध और उग्र आंदोलन किया जाएगा.
इस आक्रोश मार्च में ग्राम प्रधान गोपाल पुराण सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए.
