पश्चिम बंगाल. बंगाल में चुनाव से पहले वोटर लिस्ट स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) पर बवाल जारी है. जैसे-जैसे दिन बीत रहे हैं, पश्चिम बंगाल की चीफ मिनिस्टर एसआईआर के मुद्दे पर अपना हमला तेज करती जा रहीं हैं. ममता बनर्जी ने कहा है कि राज्य में एसआईआर की वजह से टेंशन बढ़ती जा रही है. तनाव में हर दिन 3-4 लोग सुसाइड कर रहे हैं.
राजधानी कोलकाता के रेड रोड पर सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर शुक्रवार को आयोजित एक कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ने यह दावा किया. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग और केंद्र सरकार को इन मौतों की जिम्मेदारी लेनी चाहिए. ममता बनर्जी ने एक बार फिर कहा कि अब तक राज्य में 110 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. एसआईआर हियरिंग का नोटिस मिलने के बाद तनाव में आकर हर दिन लोग आत्महत्या कर रहे हैं.
बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 से पहले वोटर लिस्ट को रेशनलाइज करने के लिए एसआईआर की प्रक्रिया चल रही है. 1.25 करोड़ लोगों के डॉक्युमेंट्स में गड़बड़ी मिली है. सभी को चुनाव आयोग बारी-बारी से नोटिस भेजकर हियरिंग के लिए बुला रहा है. 50 लाख से अधिक लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काट दिये गये हैं. इससे ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस बेहद नाराज है. उनका कहना है कि भारतीय जनता पार्टी को चुनाव में लाभ पहुंचाने के लिए इलेक्शन कमीशन वोटर्स के नाम काट रहा है.
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर पश्चिम बंगाल के खिलाफ साजिश रचने का भी आरोप लगाया. तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने दावा किया कि महात्मा गांधी, रवींद्रनाथ टैगोर, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और बीआर आंबेडकर जैसे देश के महान व्यक्तित्वों का अपमान किया जा रहा है.
