केरल के कोल्लम में SAI हॉस्टल में दो युवा महिला खेल प्रशिक्षु मृत पाई गईं. सैंड्रा (17) और व्यष्णवी (15) गुरुवार सुबह अपने कमरे में फांसी पर लटकी मिलीं. घटना से खेल जगत में शोक है. पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है, लेकिन मौत का सही कारण अभी अज्ञात है। कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. केरल के कोल्लम में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI) के हॉस्टल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. दो युवा खेल ट्रेनी लड़कियां कमरे में फांसी पर लटकी हुई मिलीं. यह घटना गुरुवार सुबह करीब 5 बजे सामने आई, जिसके बाद पूरे खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई. पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है, लेकिन अब तक मौत का सही कारण पता नहीं चल पाया है. मृतक लड़कियों की पहचान सैंड्रा (17 वर्ष) कोझिकोड जिले की और व्यष्णवी (15 वर्ष) तिरुवनंतपुरम जिले की के रूप में हुई है. दोनों SAI हॉस्टल में रहकर खेल प्रशिक्षण ले रही थीं और अपनी पढ़ाई भी जारी रखे हुए थीं. सैंड्रा एथलेटिक्स की ट्रेनी थीं और कक्षा 12 की छात्रा थीं. वहीं व्यष्णवी कबड्डी खिलाड़ी थीं और कक्षा 10 में पढ़ रही थीं. दोनों अलग-अलग जिलों से आकर कोल्लम के SAI हॉस्टल में रह रही थीं. व्यष्णवी अपना कमरा अलग होने के बावजूद बुधवार रात सैंड्रा के कमरे में रुकी हुई थीं.
सुबह-सुबह अन्य हॉस्टल साथी लड़कियों ने देखा कि दोनों सुबह के ट्रेनिंग सेशन के लिए नहीं आईं. जब कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला, तो हॉस्टल अधिकारियों ने दरवाजा तोड़कर अंदर झांका तो सन्न रह गए.
कोल्लम ईस्ट पुलिस अब गहन जांच में जुटी है. अधिकारियों ने बताया कि हॉस्टल में रहने वाली अन्य खेल छात्राओं, उनके ट्रेनर्स और दोनों लड़कियों के परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे.
पुलिस का कहना है कि मौत का कारण अभी अज्ञात है. यह सुसाइड है या कोई दूसरी वजह, यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा. फिलहाल पूरे मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है.
