बंगाल चुनाव परिणाम 2026: जामुड़िया में तनाव, चुरुलिया स्थित टीएमसी दफ्तर में लगाई गई आग; रुझानों में पिछड़ते ही हिंसा भड़कने का आरोप

नेशनल

जामुड़िया. पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के अंतिम परिणामों की आधिकारिक घोषणा से ठीक पहले जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के चुरुलिया इलाके में भारी तनाव व्याप्त हो गया। सोमवार (4 मई) को मतगणना के बीच उपद्रवियों ने चुरुलिया स्थित तृणमूल कांग्रेस (TMC) के एक पार्टी कार्यालय को आग के हवाले कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि कार्यालय में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया।

टीएमसी नेतृत्व ने इस घटना के लिए सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है। टीएमसी का आरोप है कि चुनाव नतीजों में बढ़त देखने के बाद भाजपा कार्यकर्ता इलाके में डर का माहौल बनाने के लिए हिंसा पर उतारू हैं। हालांकि, भाजपा की ओर से इन आरोपों पर अब तक कोई औपचारिक बयान नहीं आया है।

जामुड़िया सीट का परिणाम:

घटना के बीच जामुड़िया सीट के नतीजे भी सामने आ गए हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, भाजपा के डॉ. बिजन मुखर्जी ने 90,150 वोट हासिल कर इस सीट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्होंने निवर्तमान विधायक और टीएमसी उम्मीदवार हरेराम सिंह (67,636 वोट) को करीब 22,514 मतों के अंतर से शिकस्त दी है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम:

चुरुलिया में हिंसा की घटना के बाद पूरे जामुड़िया क्षेत्र में केंद्रीय सुरक्षा बलों और पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। चप्पे-चप्पे पर गश्त की जा रही है ताकि मतगणना के बाद किसी भी तरह की ‘पोस्ट पोल वायलेंस’ (चुनाव बाद हिंसा) को रोका जा सके। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *