पटना. बिहार की सियासत में रविवार को एक नई शुरुआत हुई जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने आधिकारिक तौर पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सदस्यता ग्रहण कर ली. पटना स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जदयू का दामन थामा. इस मौके पर पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और विजय कुमार चौधरी समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे. कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और “निशांत हैं तो निश्चिंत हैं” जैसे नारों के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.
पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने सबसे पहले पटना के महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर हाईकोर्ट के समीप स्थित मजार पर चादर चढ़ाई. पत्रकारों से बात करते हुए निशांत ने कहा कि वे पार्टी कार्यकर्ताओं के भरोसे पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे और अपने पिता द्वारा किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे. उन्होंने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के फैसले को उनका निजी निर्णय बताते हुए उसका सम्मान करने की बात कही. निशांत के राजनीति में आने से जदयू कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है और इसे बिहार की भविष्य की राजनीति के संकेत के रूप में देखा जा रहा है.
