जमशेदपुर. लौहनगरी जमशेदपुर में टाटा स्टील के डब्ल्यूएसओ (WSO) गेट के समीप शनिवार को अचानक आग लगने से भारी अफरा-तफरी मच गयी. इस अग्निकांड में गेट के बाहर खड़ी तीन बाइकें देखते ही देखते जलकर पूरी तरह राख हो गयीं. गनीमत यह रही कि टाटा स्टील के अग्निशमन दस्ते ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला और आग पर काबू पा लिया, जिससे पास ही खड़े दर्जनों अन्य वाहन सुरक्षित बच गये.
घटना जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) कार्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर स्थित कंपनी के नए गेट के पास हुई. यहां कर्मचारी अक्सर अपने वाहन पार्क कर ड्यूटी पर जाते हैं. शनिवार को अचानक पार्क किए गए वाहनों से आग की लपटें उठने लगीं, जिससे करीब आधे घंटे तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा. जिस स्थान पर आग लगी, वहां पास में ही मेंटेनेंस और सर्विस पूल का कार्यालय भी स्थित है. फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है.
![]()
