धनबाद. धनबाद के आईएसएम (IIT-ISM) के समीप सोमवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में दुमका सीआईडी में तैनात महिला सब-इंस्पेक्टर (एसआई) सैलु प्रभा जयंती तिर्की की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, एसआई तिर्की सरहुल पर्व मनाने अपने पैतृक आवास रांची के मोरहाबादी आई हुई थीं और सोमवार को अपने पति सुरेश उरांव के साथ बाइक से वापस दुमका लौट रही थीं. इसी दौरान आईएसएम के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं.
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें एसएनएमएमसीएच (SNMMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके पति सुरेश उरांव भी इस घटना में घायल हुए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है. घटना की सूचना मिलते ही सरायढेला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. इस दुखद घटना से पुलिस महकमे और उनके परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है.
