झंडा मैदान में जिला प्रशासन का योग शिविर, डीसी-एसपी ने किया योग, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर उमड़े अधिकारी-जनप्रतिनिधि,

गिरिडीह

 स्कूली बच्चे भी हुए शामिल, डीसी बोले- योग स्वस्थ जीवन का आधार, नियमित अभ्यास से बनता है स्वस्थ समाज

गिरिडीह. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को शहर के झंडा मैदान में जिला प्रशासन के द्वारा जिला स्तरीय योग शिविर का आयोजन किया गया. पतंजलि योग समिति एवं भारत स्वाभिमान न्यास के सहयोग से आयोजित शिविर में डीसी रामनिवास यादव, एसपी डॉ. बिमल कुमार समेत तमाम वरीय अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया. बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों ने भी योगाभ्यास किया. शिविर में योग प्रशिक्षकों ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत ताड़ासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, कपालभाति और प्राणायाम का अभ्यास कराया. डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार ने अधिकारियों-कर्मियों के साथ योग किया. पूरा मैदान योगमय हो गया. डीसी रामनिवास यादव ने कहा, योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है. योग स्वस्थ जीवन का आधार है. नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है. तनावमुक्त जीवन के लिए योग को दिनचर्या में शामिल करें. स्वस्थ व्यक्ति से ही स्वस्थ समाज का निर्माण होता है. उन्होंने सभी से हर घर योग का संदेश पहुंचाने की अपील की. शिविर में डीडीसी स्मृता कुमारी, एसडीओ धीरज कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी वसीम अहमद, डीएफओ मनीष तिवारी, कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश प्रसाद यादव समेत कई विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्कूली बच्चे मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *