पूर्वी सिंहभूम. जिले के कोवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रसुनचोपा गांव में शनिवार सुबह बच्चा चोरी की अफवाह के कारण भारी बवाल हो गया. ग्रामीणों ने एक युवक और एक युवती को संदिग्ध अवस्था में घूमते देख पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी. घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धनंजय पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और उग्र ग्रामीणों के चंगुल से दोनों को सुरक्षित बचाकर थाना ले आए. शुरुआती जांच में पता चला है कि पकड़े गए युवक-युवती चाईबासा क्षेत्र के रहने वाले हैं और दोनों मानसिक रूप से विक्षिप्त हैं.
पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात से ही इलाके में दो संदिग्धों के घूमने की खबर फैली थी, जिसके बाद शनिवार सुबह ग्रामीणों ने उन पर हमला कर दिया. फिलहाल पुलिस दोनों के परिजनों की जानकारी जुटाने में लगी है. थाना प्रभारी ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे बच्चा चोरी जैसी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और कानून को अपने हाथ में न लें. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई अनजान व्यक्ति संदिग्ध लगे तो तुरंत पुलिस के हेल्पलाइन नंबरों पर सूचना दें, न कि स्वयं सजा तय करें.
