गिरिडीह. पीरटांड़ थाना क्षेत्र के कठवारा के पास गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में पालगंज निवासी 45 वर्षीय सुजीत कुमार गुप्ता की मौत हो गई. उनका 10 वर्षीय बेटा मनीष गंभीर रूप से घायल है और गिरिडीह सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. दूसरी बाइक का चालक मौके से फरार हो गया.
दरअसल, सुजीत अपने बेटे मनीष को साथ लेकर बदडीहा से मिठाई खरीदकर घर लौट रहे थे. कठवारा के पास सामने से आ रही एक बाइक ने अचानक बिना संकेत दिए मोड़ काटा, जिससे जोरदार टक्कर हो गई.
परिजन बबलू राम ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे. स्थानीय लोगों ने दोनों को पहचानकर परिवार को सूचित किया और अस्पताल पहुंचाया. ग्रामीणों ने दूसरे चालक को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह बाइक छोड़कर भाग गया. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों बाइक जब्त कर ली हैं और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
सुजीत के पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं. खबर मिलते ही पालगंज गांव में मातम छा गया.
