दुमका. शिकारीपाड़ा में हाईवा ने बाइक सवारों को कुचला, पश्चिम बंगाल के दो युवकों की मौके पर मौत, फेरी लगाकर बेचते थे सामान

झारखंड

दुमका. झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुमका-रामपुरहाट मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. सरसडंगाल के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाईवा ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार दोनों युवक हाईवा के पहियों के नीचे आ गए और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे मृतक: हादसे का शिकार हुए दोनों युवकों की पहचान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बेलडंगा निवासी हारून शेख और बबूर अली शेख के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों युवक इलाके में फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करते थे और सोमवार को किसी काम से बाइक पर सवार होकर रामपुरहाट की ओर जा रहे थे, तभी काल बने हाईवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.

पुलिस की कार्रवाई: हादसे के बाद मुख्य सड़क पर कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलते ही शिकारीपाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका भेज दिया. पुलिस ने दुर्घटना के लिए जिम्मेदार हाईवा को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों ने सड़क पर भारी वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *