गढ़वा: नानी की डांट से आहत होकर युवती ने दी जान; इंस्टाग्राम चलाने को लेकर हुआ था विवाद, शादी की खुशियां मातम में बदलीं

झारखंड

गढ़वा: सोशल मीडिया की लत और छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती संवेदनशीलता ने एक और जान ले ली है। पलामू के रेहला थाना क्षेत्र के गुरहा गांव में अपनी नानी के घर शादी समारोह में आई 17 वर्षीया नंदिनी सिंह ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार, नंदिनी मोबाइल पर इंस्टाग्राम देख रही थी, जिस पर उसकी नानी ने उसे टोकते हुए पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी और डांट लगा दी। नानी की यह डांट नंदिनी को इतनी नागवार गुजरी कि उसने गुस्से में जहरीला पदार्थ खा लिया।

हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे तुरंत गढ़वा सदर अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत के बाद मां का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा भी किया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब इस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है कि आत्मघाती कदम के पीछे केवल डांट-फटकार ही मुख्य वजह थी या कोई अन्य तनाव। इस दुखद घटना से मृतका के पैतृक गांव बहेरवा और ननिहाल गुरहा दोनों जगहों पर शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *