राँची/नामकुम. राजधानी राँची के नामकुम थाना हाजत में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज घटना घटी. हत्या के आरोप में गिरफ्तार आरोपी जगय मुंड़ा ने हाजत के भीतर ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. आरोपी खूंटी के साइको थाना क्षेत्र का रहने वाला था और उस पर एक 12 वर्षीय बच्चे रमेश हजाम की हत्या कर शव दफनाने का गंभीर आरोप था. जानकारी के अनुसार, जगय ने हाजत में दिए गए कंबल के किनारे के कपड़े को फाड़कर रस्सी बनाई और ग्रिल के सहारे झूल गया. गुरुवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिसकर्मियों ने उसका शव लटका हुआ पाया. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा गया है, जहाँ मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में प्रक्रिया पूरी की जाएगी. पुलिस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर रही है कि सुरक्षा के बीच यह चूक कैसे हुई.
