जमशेदपुर. टाटा पावर (Tata Power) ने अपने बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक हाई-अलर्ट जारी किया है। हाल के दिनों में जमशेदपुर सहित देशभर में ग्राहकों को निशाना बनाकर किए जा रहे ‘वॉट्सऐप स्कैम’ के बढ़ते मामलों को देखते हुए कंपनी ने सुरक्षा चेतावनी जारी की है। कंपनी ने साफ किया है कि जालसाज बिजली काटने का डर दिखाकर ग्राहकों का निजी डेटा और बैंक खाता साफ करने की कोशिश कर रहे हैं।
कैसे काम कर रहा है यह स्कैम? जालसाज ग्राहकों को वॉट्सऐप पर एक संदिग्ध मैसेज भेजते हैं, जिसमें लिखा होता है कि “आपका बिजली बिल अपडेट नहीं है और आज रात कनेक्शन काट दिया जाएगा।” इसके साथ ही वे केवाईसी (KYC) अपडेट करने के बहाने एक लिंक भेजते हैं। जैसे ही कोई यूजर इस लिंक पर क्लिक करता है, उसका फोन हैक हो सकता है या बैंक खाते की गोपनीय जानकारी चोरी हो सकती है।
टाटा पावर ने क्या दी सलाह? कंपनी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से इन नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है:
-
गोपनीयता: टाटा पावर कभी भी वॉट्सऐप, कॉल या एसएमएस के जरिए आपसे ओटीपी (OTP), बैंक डिटेल्स या पासवर्ड नहीं मांगता है।
-
लिंक से बचें: किसी भी अज्ञात सोर्स से आए लिंक पर क्लिक न करें। ये लिंक आपके फोन में मैलवेयर इंस्टॉल कर सकते हैं।
-
आधिकारिक ऐप: बिजली बिल भुगतान या अन्य सेवाओं के लिए केवल गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से डाउनलोड किए गए आधिकारिक ऐप का ही उपयोग करें।
-
जानकारी साझा न करें: किसी भी संदिग्ध मैसेज के जवाब में अपनी व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी न दें।
ठगी होने पर क्या करें? टाटा पावर ने अपील की है कि यदि कोई ग्राहक इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार होता है या कोई संदिग्ध गतिविधि देखता है, तो उसे तुरंत निम्नलिखित कदम उठाने चाहिए:
-
हेल्पलाइन: तुरंत नेशनल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें।
-
पोर्टल: अपनी शिकायत नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) पर दर्ज करें।
-
संपर्क: केवल कंपनी के आधिकारिक संचार माध्यमों और टोल-फ्री नंबरों पर ही भरोसा करें।
प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि ग्राहकों की जागरूकता ही साइबर अपराधियों के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है।
