चाईबासा. झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले अंतर्गत छोटानागरा थाना क्षेत्र के सारंडा जंगलों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी (IED) ब्लास्ट होने से सीआरपीएफ कोबरा 205 बटालियन का एक जवान घायल हो गया है. घटना के तुरंत बाद घायल जवान को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया गया और बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर के जरिए रांची एयरलिफ्ट किया गया है.
सर्च ऑपरेशन के दौरान हुआ धमाका जानकारी के अनुसार, सारंडा के दुर्गम वन क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा नक्सलियों के खिलाफ लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में कोबरा बटालियन की टीम जंगल में आगे बढ़ रही थी. तभी नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाए गए एक प्रेशर आईईडी पर जवान का पैर पड़ गया और जोरदार धमाका हुआ. इस विस्फोट की चपेट में आने से जवान गंभीर रूप से घायल हो गया. मौके पर मौजूद अन्य जवानों ने तत्काल मोर्चा संभाला और घायल साथी को प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित बाहर निकाला.
रांची के राज अस्पताल में भर्ती कराने की तैयारी घायल जवान की स्थिति को देखते हुए उच्चाधिकारियों ने उन्हें तत्काल एयरलिफ्ट करने का निर्णय लिया. जवान को हेलीकॉप्टर से रांची भेजा गया है, जहाँ उन्हें राज अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा. डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनके उपचार के लिए तैयार है.
नक्सलियों की कायराना हरकत: एसपी अमित रेणु पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक (SP) अमित रेणु ने इस घटना की आधिकारिक पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को नुकसान पहुँचाने के लिए इस तरह की कायराना हरकतें अक्सर की जाती हैं. उन्होंने बताया कि इन लैंडमाइंस की चपेट में आकर पहले भी कई निर्दोष ग्रामीणों और मवेशियों की जान जा चुकी है. एसपी ने स्पष्ट किया कि इस हमले से सुरक्षा बलों के हौसले कम नहीं होंगे.
इलाके में घेराबंदी और तलाशी तेज धमाके के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे सारंडा क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी है. अतिरिक्त कुमुक बुलाकर इलाके की घेराबंदी की गई है और नक्सलियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन को और अधिक तेज कर दिया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति बहाल करने और नक्सलियों के खात्मे तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा.
