धनबाद. तोपचांची झील में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी, जहां एक युवक को डूबने से बचाने की कोशिश में दूसरे युवक ने भी अपनी जान गंवा दी. इस हादसे ने न केवल दो परिवारों के चिराग बुझा दिए, बल्कि मौके पर मौजूद हर शख्स की आंखों को नम कर दिया.
नहाने के दौरान गहरे पानी में गया अमन
मृतकों की पहचान झरिया निवासी कोयला व्यवसायी संदीप झुनझुनवाला के पुत्र अमन झुनझुनवाला (22 वर्ष) और गोविंदपुर निवासी अरमान आलम (22 वर्ष) के रूप में हुई है.
-
घटना का क्रम: अमन अपने दोस्तों के साथ तोपचांची झील घूमने आया था. लीची बागान में पिकनिक मनाने के बाद वह नहाने के लिए झील में उतरा, लेकिन अचानक पैर फिसलने या अंदाजा न मिल पाने के कारण वह गहरे पानी में समाने लगा.
अरमान की बहादुरी और मार्मिक अंत
अमन को डूबता देख वहां मौजूद अरमान आलम ने बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए झील में छलांग लगा दी. अरमान ने अमन को पकड़ने और बाहर खींचने की पूरी कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई और संघर्ष के बीच दोनों ही डूब गए.
-
भावुक कर देने वाला दृश्य: काफी मशक्कत के बाद जब स्थानीय लोगों और पुलिस ने दोनों के शवों को बाहर निकाला, तो प्रत्यक्षदर्शी यह देखकर दंग रह गए कि दोनों के शव एक-दूसरे से लिपटे हुए थे. ऐसा लग रहा था मानो अंतिम सांस तक दोनों ने एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा.
अस्पताल में मृत घोषित
सूचना पर पहुंची तोपचांची पुलिस ने अरमान को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज (SNMMCH) और अमन को असर्फी अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया.
प्रशासन से सुरक्षा की गुहार
इस घटना के बाद झरिया और गोविंदपुर इलाके में मातम पसरा है. स्थानीय निवासियों और पर्यटकों ने प्रशासन से मांग की है कि तोपचांची झील जैसे खतरनाक पिकनिक स्पॉट पर सुरक्षा गार्डों की तैनाती की जाए और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.
