हजारीबाग में पुलिस एनकाउंटर: बड़कागांव में राइफल छीन भाग रहे गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गे अंकित पांडेय के पैर में लगी गोली, हथियार और बम बरामद

हज़ारीबाग

हजारीबाग. जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पिपराडीह के पास बंद पड़े गैस प्लांट के समीप शुक्रवार देर रात पुलिस और गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गे के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस को धक्का देकर और फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे अंकित कुमार पांडेय के पैर में आत्मरक्षार्थ पुलिस की गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया. उसे प्राथमिक इलाज के बाद हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर किया गया है.

बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि 25 जुलाई को 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड में दो हाइवा गाड़ियों पर हुई गोलीबारी (कांड संख्या-133/26) के सिलसिले में संदिग्ध अंकित पांडेय को पूछताछ के लिए लाया गया था.

टेलीग्राम चैट से हुआ प्रिंस खान (KSS) गिरोह से जुड़ाव का खुलासा

पुलिस द्वारा मोबाइल की जांच करने पर अंकित के टेलीग्राम ऐप के जरिए गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके संगठन ‘केएसएस’ (KSS) के सदस्यों के साथ बातचीत के साक्ष्य मिले. पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने प्रिंस खान के निर्देश पर 25 जुलाई को गोलीबारी की थी और संगठन के नाम से धमकी भरे पर्चे छोड़े थे.

निशानदेही पर हथियार बरामदगी के दौरान फायरिंग

अंकित की निशानदेही पर जब पुलिस पिपराडीह स्थित बंद पड़े गैस प्लांट में छिपाकर रखे हथियार व बम बरामद करने पहुंची, तो उसने अचानक पुलिसकर्मी को धक्का देकर वहां रखे देसी पिस्तौल से पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया. पुलिस की जवाबी और आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी.

घटनास्थल से बरामद सामग्रियां

पुलिस ने मौके से निम्नलिखित सामान जब्त किए हैं:

  • एक देसी पिस्तौल

  • 7.62 MM का एक खोखा, एक मिसफायर गोली और एक जिंदा कारतूस

  • एक देसी बम

  • चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *