पश्चिमी सिंहभूम. पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त और उत्पाद अधीक्षक के निर्देश पर उत्पाद विभाग ने जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ 16 मई से 20 मई तक एक विशेष अभियान चलाया. इस पांच दिवसीय छापेमारी के दौरान गुवा, मंझारी, चक्रधरपुर और झींकपानी थाना क्षेत्रों में कुल 09 प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गईं, जिनमें चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच फरार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश जारी है.
विभिन्न थानों में हुई कार्रवाई और बरामदगी
उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने अभियान के तहत हुई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी साझा की:
-
गुवा थाना क्षेत्र: रेलवे कॉलोनी, बड़ा जामदा और कल्याण नगर में छापेमारी कर अवैध बिक्री के आरोप में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. इनके पास से 3 लीटर विदेशी शराब और 3.250 लीटर बीयर बरामद की गई.
-
मंझारी थाना क्षेत्र: ग्राम मिरुडीह में 9 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई. हालांकि, आरोपी मौके से भागने में सफल रहा, जिसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
-
चक्रधरपुर थाना क्षेत्र: दण्डासाईं और बाराकुली इलाकों से अवैध शराब बेचने के आरोप में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया. इनके कब्जे से 6.5 लीटर बीयर और 5 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई.
झींकपानी में 4 अवैध भट्ठियां ध्वस्त, 1500 किलो जावा महुआ नष्ट
अभियान के आखिरी दिन बुधवार को उत्पाद विभाग ने झींकपानी थाना क्षेत्र के गुड़ा ग्राम में चल रहे अवैध शराब निर्माण के बड़े नेटवर्क को नेस्तनाबूद कर दिया:
-
महुआ शराब की भट्ठियां: पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने महुआ शराब बनाने वाली 4 अवैध भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया.
-
भारी मात्रा में बरामदगी: मौके से 80 लीटर तैयार अवैध चुलाई शराब बरामद की गई.
-
कच्चा माल नष्ट: शराब बनाने के लिए ड्रमों में सड़ाकर रखा गया करीब 1500 किलोग्राम जावा महुआ घटनास्थल पर ही बहाकर नष्ट कर दिया गया.
उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज
चारों भट्ठी संचालकों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. उत्पाद निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध और नकली शराब के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए यह प्रशासनिक अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.
