पलामू. जिले के पांकी थाना क्षेत्र अंतर्गत माड़न गांव में रविवार सुबह अज्ञात अपराधियों ने 58 वर्षीय राजदेव पासवान की गोली मारकर हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार, राजदेव अपनी पत्नी के साथ सुबह करीब पांच बजे केरकी पीपरा जंगल में महुआ चुनने गए थे. उनकी पत्नी घर लौटकर जब दोबारा खाना लेकर जंगल पहुंची, तब पति का लहूलुहान शव देखकर शोर मचाया. ग्रामीणों की सूचना पर सामाजिक कार्यकर्ता रफीक अंसारी ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पांकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया. परिजनों के अनुसार राजदेव का किसी से कोई विवाद नहीं था, हालांकि वे पूर्व में ओझा-गुनी का काम करते थे जिसे उन्होंने छोड़ दिया था. फिलहाल पुलिस हत्या के कारणों की गुत्थी सुलझाने और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन जांच में जुटी है.
