नामकुम. टाटीसिलवे थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ाम ढीपा टोली रिंग रोड पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में ट्रेलर चालक की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान बिहार के सीतामढ़ी जिला निवासी राम उदय कुमार (33 वर्ष), पिता चंदेश्वर राय के रूप में की गई है.
गलत दिशा से आ रहा था ट्रेलर मिली जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या (रजिस्ट्रेशन नंबर जांचा जा रहा है) रामपुर की ओर से टाटीसिलवे की तरफ आ रहा था. चश्मदीदों के मुताबिक, ट्रेलर रिंग रोड पर गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में चल रहा था. इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक (संख्या CG14 MG 0175) से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए.
लोहे के पत्ती रोल के नीचे दबा केबिन हादसे के वक्त ट्रेलर पर भारी मात्रा में लोहे के पत्ती रोल लदे थे. टक्कर लगते ही ये रोल सड़क पर बिखर गए और ट्रेलर का केबिन पूरी तरह पिचक गया. चालक राम उदय केबिन के मलबे में बुरी तरह फंस गया. सूचना मिलते ही टाटीसिलवे थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद जब तक उसे बाहर निकाला गया, उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस ने वाहनों को किया जब्त पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स (Ranchi) भेज दिया है. दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ट्रेलर को जब्त कर थाने लाया गया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. इस हादसे के कारण रिंग रोड पर कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा.
