साहिबगंज. साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र के बर्मन कॉलोनी में उस वक्त मातम पसर गया, जब पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के गाजोल में हुए एक भीषण सड़क हादसे में दीपक राजवंशी (28 वर्ष) की मौत की खबर आई. दीपक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और अपनी बहन के रिसेप्शन समारोह से लौट रहा था.
रिसेप्शन से वापसी के दौरान हादसा
जानकारी के अनुसार, दीपक की बहन की शादी बीते 7 मई को पश्चिम बंगाल के गंगारामपुर में हुई थी.
-
समारोह: 10 मई को आयोजित रिसेप्शन समारोह में शामिल होने के लिए दीपक अपने दोस्तों और परिजनों के साथ स्कॉर्पियो (नंबर- WB 66 AC/ 3780) से गया था.
-
कैसे हुई दुर्घटना: रविवार की रात वापसी के दौरान गाजोल के समीप दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश में स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में दीपक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
चार की हालत चिंताजनक
इस दुर्घटना में वाहन चालक जोय बर्मन सहित गाड़ी में सवार गणेश बर्मन, शक्ति बर्मन और अमित बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. सभी घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है और उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
बर्मन कॉलोनी में शोक की लहर
दीपक अपने घर का इकलौता बेटा था. जिस घर से तीन दिन पहले बहन की डोली उठी थी, वहां अब भाई की मौत की खबर से चीख-पुकार मची है. सोमवार को परिजन शव लेने के लिए बंगाल रवाना हुए हैं. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरी बर्मन कॉलोनी में शोक का माहौल है और कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले हैं.
