गिरिडीह. गिरिडीह जिले के राजधनवार थाना क्षेत्र के गलवाती पंचायत के खैरीडीह में स्थित पत्थर खदान में दो पक्षों के बीच पैसे के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया. इस विवाद में एक व्यक्ति की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई है. मृतक की पहचान धनवार थाना क्षेत्र के खैरीडीह निवासी रफीक अंसारी ( 56 वर्ष) के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. बताया गया की रफीक और जियाउल अंसारी के बीच खदान के पैसे को लेकर विवाद चल रहा था. बीती रात को दोनों पक्षों के बीच एक बार फिर से विवाद हो गया. इसी के बार जियाउल ने रफीक की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी. इधर इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बन गई है और मृतक के परिजनों में भारी आक्रोश का माहौल है. वंही इस घटना के बाद आरोपी मौके पर से फ़रार हो गया है. पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है.
