आसनसोल. आसनसोल रेल मंडल के विभिन्न खंडों में रविवार को डी-स्ट्रेसिंग ट्रैफिक ब्लॉक लिए जाने के कारण रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित रहा. इस दौरान पटरियों के रखरखाव और तकनीकी कार्यों के चलते जसीडीह-दुमका, आसनसोल-बर्द्धमान, जसीडीह-झाझा और अंडाल-जसीडीह समेत कई मेमू व डेमू पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया. वहीं, देवघर-पटना मेमू को झाझा से संचालित किया गया और वास्को-डी-गामा-जसीडीह एक्सप्रेस को मधुपुर तक ही चलाया गया. इसके अलावा धनबाद-पटना एक्सप्रेस के समय में भी करीब 80 मिनट का बदलाव किया गया. अचानक ट्रेनें रद्द होने और रूट छोटा किए जाने से स्टेशनों पर यात्रियों, विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा और ट्रैक की मजबूती के लिए यह मेंटेनेंस कार्य अनिवार्य था.
