अज्ञात वाहन की टक्कर से साइकिल सवार सब्जी विक्रेता की मौत, ग्रामीणों ने गिरिडीह-कोडरमा मार्ग जाम किया

गिरिडीह

गिरिडीह. हीरोडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पाण्डेयडीह भंडारो मोड़ के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बरवाडीह निवासी 60 वर्षीय मोहम्मद असगर अंसारी की मौत हो गई. रोज की तरह वे साइकिल से सब्जी बेचने निकले थे, तभी पीछे से आ रहे अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया.
दरअसल, घायल को पहले जमुआ अस्पताल और फिर गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक मेहनती व्यक्ति थे और रोजाना साइकिल से सब्जी बेचकर परिवार का भरण-पोषण करते थे. घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने गिरिडीह-कोडरमा मुख्य मार्ग जाम कर दिया. ग्रामीणों ने मुआवजे और आरोपी वाहन की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया और यातायात सामान्य हो सका.
पुलिस ने बताया कि अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *