केरल में ‘किंग’ कौन? तिरुवनंतपुरम में कांग्रेस विधायक दल की बैठक शुरू; अजय माकन और मुकुल वासनिक तय करेंगे सीएम का चेहरा

नेशनल

तिरुवनंतपुरम. केरल विधानसभा चुनाव में 63 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी कांग्रेस में सरकार गठन की कवायद तेज हो गई है. मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाने के लिए बुधवार को तिरुवनंतपुरम स्थित केपीसीसी (KPCC) दफ्तर में कांग्रेस विधायक दल (CLP) की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक और अजय माकन विशेष रूप से शामिल हो रहे हैं.

वरिष्ठ नेताओं के साथ रायशुमारी

पर्यवेक्षक बुधवार से ही तिरुवनंतपुरम में डेरा डाले हुए हैं. बैठक से पहले दोनों नेताओं ने राज्य के कद्दावर नेताओं वी.एम. सुधीरन, के. सुधाकरन, रमेश चेन्निथला और वी.डी. सतीशन के साथ अलग से लंबी चर्चा की है. अजय माकन ने बैठक में शामिल होने से पहले स्पष्ट किया कि पर्यवेक्षकों की भूमिका विधायकों की राय जानने की है और अंतिम फैसला लोकतांत्रिक तरीके से लिया जाएगा.

मुख्यमंत्री की रेस में तीन दिग्गज

विधायक दल की बैठक के बाद पर्यवेक्षक अपनी रिपोर्ट पार्टी आलाकमान (मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी) को सौंपेंगे. फिलहाल मुख्यमंत्री पद के लिए तीन प्रमुख चेहरों के नाम चर्चा में हैं:

  • वी.डी. सतीशन. निवर्तमान विपक्ष के नेता.

  • रमेश चेन्निथला. पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ नेता.

  • के.सी. वेणुगोपाल. एआईसीसी महासचिव.

विधायकों का रुख

बैठक में पहुंचे विधायक चांडी ओम्मन ने कहा कि कांग्रेस में फैसले की एक तय प्रक्रिया है. उन्होंने कहा कि सभी विधायकों ने अपनी राय पार्टी नेतृत्व को दे दी है और जल्द ही सही फैसला लिया जाएगा. माना जा रहा है कि आज शाम या कल सुबह तक केरल के अगले मुख्यमंत्री के नाम की आधिकारिक घोषणा हो सकती है. सुरक्षा के मद्देनजर तिरुवनंतपुरम में पार्टी मुख्यालय के बाहर भारी संख्या में समर्थक और पुलिस बल तैनात है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *