हजारीबाग/बरकट्ठा. हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचरुखी तिलैया में गुरुवार को एक हृदयविदारक घटना घटी. महाबर पहाड़ के पास स्थित एक अवैध और बंद पड़ी पत्थर खदान में नहाने के दौरान 13 वर्षीय सौरभ कुमार की डूबने से मौत हो गई. धरहरा बदाही निवासी संतोष कुमार का इकलौता पुत्र सौरभ अपने दोस्तों के साथ दोपहर करीब 3:00 बजे खदान में जमा पानी में नहाने गया था, जहाँ वह अनियंत्रित होकर गहरे पानी में समा गया. दोस्तों की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और बरकट्ठा थाना पुलिस ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकालने का प्रयास किया. मृतक के पिता करीब 15 दिन पहले ही काम के सिलसिले में गुजरात गए हैं. इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और स्थानीय लोगों ने बंद पड़ी अवैध खदानों को भरने या सुरक्षित करने की मांग की है.
