बर्थडे पार्टी से लौटते ही रची साजिश, आसिफ के फोन पर गया तौसीफ
गिरिडीह. पचंबा थाना क्षेत्र के गिरिडीह-चैताडीह मार्ग पर चदरा पुल के पास सोमवार देर रात 22 वर्षीय तौसीफ अंसारी की बर्बर हत्या से सनसनी फैल गई. मृतक नगर थाना क्षेत्र के आजाद नगर 6 नंबर निवासी अनवर अंसारी का पुत्र था. हत्या को पूरी साजिश के तहत अंजाम दिया गया.
बर्थडे पार्टी से लौटते ही फोन कर बुलाया
मृतक के फुफेरे भाई बब्बन अंसारी ने वारदात की पूरी कहानी बयां की. बब्बन के मुताबिक तौसीफ एक बर्थडे पार्टी में गया था. वहां से लौटते ही आसिफ अली ने उसे फोन कर बुलाया. तौसीफ के पहुंचते ही बंटी टायसन, मोनू पठान, आसिफ अली, मोकम, अरशद, शाकिब इकबाल, नूर हसन, गेंदू रवानी उर्फ राहुल समेत करीब 20 लड़कों ने उसे घेर लिया और चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को सड़क पर घसीटा.
रात 12:22 बजे मिली वारदात की सूचना
बब्बन अंसारी ने बताया कि रात करीब 12:22 बजे उनके मोबाइल पर फोन आया कि तौसीफ के साथ मारपीट हो रही है. सूचना मिलने के बाद जब वे लोग मौके पर पहुंचे तो तौसीफ चदरा पुल के पास सड़क किनारे खून से लथपथ पड़ा था. शरीर पर 3-4 जगह चाकू के गहरे जख्म थे. सड़क पर काफी दूर तक खून और घसीटने के निशान मिले.
सूचना पर नगर और पचंबा थाना पुलिस पहुंची और घायल को सदर अस्पताल ले गई. परिजनों ने बताया कि रास्ते में तौसीफ होश में था. उसने फुफेरे भाई को बताया कि बंटी टायसन, मोनू पठान, आसिफ अली, मोकम, अरशद, शाकिब इकबाल, नूर हसन और गेंदू रवानी उर्फ राहुल ने हमला किया. अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फुफेरे भाई के बयान और कॉल डिटेल और घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. शव घसीटने की पुष्टि के बाद पुलिस ने इसे जघन्य हत्याकांड माना है. देर रात से ही सभी आरोपियों के ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी चल रही है.
