पूरे झारखंड में चलेगा फूड सेफ्टी अभियान, “स्वास्थ्य से खिलवाड़ पर जीरो टॉलरेंस’ – मंत्री ने दिए सख्त निर्देश
गिरिडीह. गिरिडीह जिले के सदर प्रखंड के बजटो गांव में गोलगप्पा-चाट खाने से एक बच्चे की मौत और करीब 49 से अधिक लोगों के बीमार पड़ने की घटना पर झारखंड के स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने सख्त एक्शन लिया है. मंत्री ने मामले में संज्ञान लेते हुए पूरे राज्य में तत्काल फ़ूड सेफ्टी इंस्पेक्शन ड्राइव चलाने के आदेश दिए हैं. मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घटना को फ़ूड -बोर्न इन्फेक्शन बताते हुए कहा कि “जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सरकार ने जिरो टॉलरेंस पॉलिसी लागू कर दी है. उन्होंने सभी जिलों को स्ट्रीट फूड, रेस्टोरेंट, होटल और पेयजल की हाइजीन ऑडिट व माइक्रोबायोलॉजिकल टेस्टिंग के निर्देश दिए हैं. फ़िलहाल पुलिस ने इस मामले में गुपचुप विक्रेता ओभी लाल रजक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. खाद्य सुरक्षा विभाग ने मौके से गुपचुप, चाट व छोले के सैंपल जब्त कर जांच के लिए कोलकाता लैब भेज दिए हैं. मंत्री ने कहा कि रिपोर्ट आते ही दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी.
डीसी की मॉनिटरिंग में चल रहा इलाज
गौरतलब है कि मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बजटो गांव में फूड पॉइजनिंग के बाद सभी बीमारों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उपायुक्त रामनिवास यादव पूरे मामले की पल-पल मॉनिटरिंग कर रहे हैं. अधिकांश मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है. इधर इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने राज्यभर में खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की जांच के लिए विशेष टीमें गठित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
