धनबाद. कोयलांचल के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत फायरिंग रेंज इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच रविवार को सीधी मुठभेड़ हुई. कुख्यात अपराधी प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान हुई इस गोलीबारी में सरायढेला थाना के एएसआई बालमुकुंद घायल हो गए हैं. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में गिरोह के कुछ शूटर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. घेराबंदी शुरू होते ही अपराधियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला.
मुठभेड़ के दौरान एक शूटर को भी गोली लगने की सूचना है, हालांकि वह अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा. घायल एएसआई को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. घटना के बाद एसएसपी प्रभात कुमार समेत जिले के वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. घटनास्थल से पुलिस ने एक जिंदा बम और हथियार बरामद किए हैं. बम को डिफ्यूज करने के लिए रांची से विशेष टीम बुलाई गई है. फिलहाल पूरे इलाके को सील कर फरार अपराधियों की तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
