गुमला. विशुनपुर में एसीबी का छापा, 8 हजार रुपये रिश्वत लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार, कुआं मरम्मत के भुगतान के लिए मांग रही थी घूस

झारखंड

गुमला. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) रांची की टीम ने गुरुवार को गुमला जिले के विशुनपुर प्रखंड में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंचायत सचिव किरण कुसुम खलखो को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी सचिव चट्टी सेरका पंचायत के एक ग्रामीण से कुएं की मरम्मत (रेनोवेशन) के बकाया भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के बदले 8 हजार रुपये की रिश्वत ले रही थी. एसीबी की टीम ने यह गिरफ्तारी विशुनपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में बिछाए गए जाल (ट्रैप) के दौरान की.

जानकारी के अनुसार, चट्टी सेरका निवासी परमेश्वर सिंह ने अपने निजी कुएं की मरम्मत का कार्य ग्राम सभा से स्वीकृत होने के बाद पूरा कर लिया था. जब वे भुगतान के लिए पंचायत सचिव के पास पहुंचे, तो उनसे बिल पास कराने के एवज में रिश्वत की मांग की गई. परमेश्वर सिंह ने इसकी शिकायत एसीबी रांची से की, जिसके बाद आरोपों की पुष्टि होते ही टीम ने गुरुवार को कार्रवाई को अंजाम दिया. जैसे ही सचिव ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, एसीबी अधिकारियों ने उन्हें दबोच लिया.

वर्ष 2026 में रांची एसीबी की यह छठी सफल ट्रैप कार्रवाई है. आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. कानूनी जानकारों के अनुसार, इस कानून के तहत अपराध सिद्ध होने पर 3 से 7 साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है. फिलहाल गिरफ्तार सचिव को रांची ले जाया गया है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *